गौरीगंज (अमेठी)। क्षेत्र में हो रही बारिश के चलते आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। रविवार को तेज बारिश से नगर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सड़कों पर जलभराव हो गया। शहर के कुछ इलाकों में घरों में पानी घुस गया। रेलवे अंडरग्राउंड में पानी भरने से लोग परेशान हुए।
बारिश के चलते किसानों के चेहरे पर खुशी दिखाई दे रही तो वहीं जलभराव ने शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर दी है। जिला मुख्यालय पर हालात सबसे ज्यादा गंभीर हैं। स्टेशन परिसर में जल भराव के चलते यात्रियों एवं कांवड़ियों को दूषित जल से होकर गुजरना पड़ा। चौक बाजार में सड़कों के किनारे जलभराव होने से दुकानदार दूषित जल में अपनी दुकानें लगाए दिखाई दिए। नगर पंचायत क्षेत्र अमेठी के ककवा रोड पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के दोनों किनारों पर सर्विस रोड नहीं बनाई गई है। बारिश होने से लोगों को कीचड़युक्त रास्ते से गुजरना पड़ रहा है तो वहीं दलदल होने के चलते वाहन फंसने से जाम की समस्या बन रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों में हालात ज्यादा गंभीर हैं। जल निकासी के लिए नालियां नहीं होने के कारण जल भराव की स्थिति ज्यादा है। डीपीआरओ श्रीकांत यादव ने बताया कि जल निकासी के लिए नालियों की साफ सफाई के लिए निर्देशित किया गया है। सफाई कर्मियों की टीम गांव में लगाई गई हैं।
आफत बनी बारिश
जगदीशपुर(अमेठी)। पालपुर स्थित अयोध्या रोड पर चौराहे से रेलवे स्टेशन के बीच सड़क के किनारे बनी नाली की सफाई ना होने से आस पास के घरों में पानी भर गया। जिसके चलते लोग रात भर जागने को मजबूर हुए। बारिश के पानी से घरों में रखा सामान भी खराब हो गया। लोगों में खासी नाराजगी है। का बारिश में हो रहें जल भराव से क्षेत्र वासियों को दो चार होना ही पड़ता है। मामले को लेकर संजीत कौशल ने पूर्व में कई बार शिकायत कर चुके हैं। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अंडरपास में हुआ जल जमाव
जगदीशपुर क्षेत्र में बने रेलवे अंडर पास शुकुल बाजार रोड क्रासिंग, भगवान दीन का पुरवा, रंकापुर व टांडा वारिसगंज मार्ग पर जल जमाव हो गया है। अमेठी के कालिकन धाम को जाने वाले मार्ग स्थित अंडरपास में जल जमाव होने से लोग इस रास्ते से आने जाने में कतराने लगे हैं।
बिजली से मंदिर क्षतिग्रस्त
तिलोई /बाजारशुकुल (अमेठी)। मोहनगंज थानाक्षेत्र के आजादपुर मजरे बेलवा हसनपुर में शनिवार की देर रात बिजली गिरने से एक मंदिर क्षतिग्रस्त हो गया। रात होने के कारण बड़ा हादसा होने से बच गया।
ग्रामीणों के अनुसार बिजली से मंदिर के ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। मूर्ति खंडित नहीं हुई है। सुबह श्रद्धालु का पूजा अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो मंदिर का हिस्सा क्षतिग्रस्त मिला। श्रद्धालुओं की सूचना पर राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन का रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंपी है। तहसीलदार पवन कुमार शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
बाजारशुकुल में भी शनिवार रात बिजली गिरने से कस्बा निवासी देवनारायण पाठक के ट्यूबवेल पर लगा ट्रांसफार्मर चटक गया। वहीं आशीष पुर गांव निवासी फहमीद अहमद के घर पंखा सहित कई इलेक्ट्रानिक उपकरण भी जल गए। (संवाद)