अमेठी सिटी। जिले के छह गांवों में पक्की सड़कों और नालियों के निर्माण के लिए 72.96 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। ये कार्य पूर्वांचल निधि से ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की देखरेख में कराए जाएंगे।
बाजारशुकुल के नांदी गांव में 14.36 लाख रुपये से ललिहामऊ डामर रोड से शिव कुमार के मकान तक इंटरलॉकिंग व नाली बनाई जाएगी। महोना पश्चिम गांव में 11.67 लाख रुपये से कन्हैयालाल मौर्य के घर से संतोष शुक्ल के घर तक इंटरलॉकिंग का निर्माण होगा। जगदीशपुर ब्लॉक के शेषपुर में 10.02 लाख, हारीमऊ में 10.40 लाख, पलिया पश्चिम के गढ़ी गांव में 13.41 लाख, जामों के कपासी गांव में 13.50 लाख रुपये से त्रिमोहन पासी के घर से गया प्रसाद के मकान तक इंटरलॉकिंग बनाई जाएगी। निर्माण पूरा होने पर करीब 50 हजार ग्रामीणों को पक्की सड़क और जलनिकासी जैसी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
दो माह में पूरे होंगे प्रस्तावित कार्य
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता हरिओम श्रीवास्तव ने बताया कि सभी कार्यों की निविदा प्रकाशित कर दी गई है। कार्यदायी संस्था का चयन होते ही निर्माण शुरू कर दो माह में पूरा करा लिया जाएगा।