गौरीगंज स्थित रणंजय इंटर कॉलेज में आरओ-एआरओ परीक्षा का सिटिंग प्लान तैयार करते शिक्षक।
अमेठी सिटी। आरओ-एआरओ परीक्षा रविवार को जिले के 13 केंद्रों पर एक पाली में सुबह 9:30 से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। निष्पक्ष और नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए प्रशासन ने सभी स्तरों पर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। हर केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे जिले स्तर पर बने ऑनलाइन मॉनिटरिंग सेल से नजर रखी जाएगी।
परीक्षा से जुड़ी हर गतिविधि पर निगाह रखने के लिए सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट, प्रशिक्षित अंतःपरीक्षक और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। शनिवार को लोक सेवा आयोग के समन्वयी पर्यवेक्षक दिनेश चंद्र जोशी और संबंधित अधिकारी केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। सभी केंद्रों पर सिटिंग प्लान, प्रवेश व्यवस्था और गोपनीयता से जुड़ीं तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
परीक्षा केंद्रों की परिधि में 500 मीटर तक फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। सभी केंद्रों पर चेहरों की पहचान और बायोमीट्रिक सत्यापन के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश मिलेगा। स्मार्टफोन, ब्लूटुथ जैसे किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ केंद्र में जाने की अनुमति नहीं होगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि परीक्षार्थियों के सामान को सुरक्षित रखने के लिए केंद्रों के बाहर काउंटर बनाए गए हैं। तलाशी के लिए महिला और पुरुष कांस्टेबलों की अलग-अलग ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक केंद्र पर आधे कक्ष निरीक्षक संबंधित विद्यालयों से और शेष प्रशासन की ओर से नामित किए गए हैं। अतिरिक्त आवश्यकता के लिए रिजर्व निरीक्षक भी हैं।