जिला अस्पताल में मरीजों का इलाज करते चिकित्सक। संवाद
अमेठी सिटी। बारिश के बीच वातावरण में बढ़ी नमी और उमस का असर अब लोगों की त्वचा पर दिख रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में फंगल संक्रमण, खुजली, जलन और लाल चकत्तों की शिकायत लेकर मरीज पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को बारिश के बीच अस्पताल की ओपीडी में करीब 759 मरीज पहुंचे। इनमें 90 से अधिक मरीज त्वचा संबंधी समस्या वाले रहे।
बारिश में भीगने, पसीना और नमी शरीर पर अधिक देर तक रहने से परेशानी बढ़ रही है। मरीज सुमन ने बताया कि कुछ दिनों से पैरों और कमर में तेज खुजली हो रही है। शुरुआत में घरेलू उपाय किए, लेकिन आराम नहीं मिला तो अस्पताल आना पड़ा। गौरीगंज निवासी राजेश कुमार ने बताया कि हाथ और गर्दन पर लाल चकत्ते निकलने के साथ जलन हो रही थी। चिकित्सक को दिखाने के बाद उपचार शुरू किया है।
त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. एनके त्रिपाठी ने बताया कि शरीर पर लगातार नमी रहने और सफाई में लापरवाही से फंगल संक्रमण तेजी से फैल सकता है। नाखून लंबे रखने से भी संक्रमण का खतरा बढ़ता है। लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए और निर्धारित दवा का पूरा कोर्स करना जरूरी है। सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि त्वचा रोगियों को अस्पताल में आवश्यक उपचार और दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
बचाव के उपाय
शरीर को सूखा रखें।
पसीने से भीगे कपड़े तुरंत बदलें।
नाखून छोटे रखें।
तौलिया और कपड़े साझा न करें।
बिना चिकित्सकीय सलाह क्रीम या दवा न लगाएं।