मेडिकल कॉलेज तिलोई में परचा काउंटर पर कतार में लगे मरीज। संवाद
तिलोई। मौसम में उतार-चढ़ाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर दिखने लगा है। वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम और खांसी के मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण सोमवार को तिलोई मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में भारी भीड़ उमड़ी। कुल 1620 मरीजों ने पंजीकरण कराया। मरीजों की संख्या अधिक होने से पंजीकरण काउंटर, चिकित्सक कक्षों और दवा वितरण केंद्र के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं।
मेडिसिन विभाग में सबसे अधिक 760 मरीज पहुंचे। इसके अलावा चेस्ट विभाग में 380, आर्थो विभाग में 285 और सर्जरी विभाग में 210 मरीजों का परीक्षण किया गया। आंख, नाक-कान और अन्य विभागों में भी मरीजों की आवाजाही बनी रही। मेडिसिन और चेस्ट विभाग के बाहर सबसे अधिक भीड़ रही। प्रतीक्षालय की सीटें भर जाने के बाद कई मरीज और तीमारदार जमीन पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। गैलरियों में भी भीड़ के कारण आवाजाही प्रभावित रही।
शुकुल बाजार निवासी शिवशंकर ने बताया कि सुबह से कतार में लगने के बावजूद काफी देर बाद चिकित्सक से परामर्श मिल सका। बड़ेगांव निवासी सीताशरण और अब्दुल हक कुरैशी ने भी भीड़ के कारण लंबा इंतजार करने की बात कही। रामधनी ने कतार व्यवस्था को और बेहतर बनाने की जरूरत बताई।
डॉक्टर बोले-पर्याप्त पानी पिएं, रखें साफ-सफाई
फिजिशियन डॉ. आजम खान ने बताया कि मौसम बदलने के कारण वायरल संक्रमण के मामले बढ़े हैं। उन्होंने लोगों को साफ-सफाई रखने, पर्याप्त पानी पीने और लक्षण दिखने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की सलाह दी। मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या प्रो. डॉ. रीना शर्मा ने बताया कि मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए संसाधन बढ़ाने और व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने की तैयारी की जा रही है।