अमेठी। शहर को पूरी तरह जाम की समस्या से निजात दिलाए जाने को लेकर जल्द ही अमेठी को रिंग रोड की सौगात मिल सकती है। शहर में बनने वाले रिंग रोड की कुल लंबाई 14 किलोमीटर होगी। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से रिंग रोड निर्माण को लेकर कवायद शुरू कर दी गई है।
शहर की जाम की समस्या बीते कई दशक से लोगों के लिए नासूर बनी हुई है। जाम की समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए शहर के रेलवे लाइन के उत्तरी ओर जहां बाईपास के निर्माण का कार्य प्रगति पर है, वहीं लखनऊ वाराणसी रेल खंड स्थित 102-बी रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाई ओवर निर्माणाधीन है। शहर में बन रहे फ्लाई ओवर रोड और बाईपास बन जाने के बावजूद पूर्ण रूप से लोगों को राहत नहीं मिल पाएगी।
इस गंभीर समस्या को देखते हुए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से रिंग रोड बनाए जाने की कवायद शुरू कर दी गई है। रेलवे लाइन के उत्तरी छोर पर करीब 81 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे बाईपास की लंबाई 6.634 किलो मीटर है। वहीं दक्षिणी छोर पर बनने वाले रिंग रोड की लंबाई करीब आठ किलोमीटर होगी। पूरा रिंग रोड 14 किलोमीटर से अधिक लंबा होगा। रिंग रोड में दो रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) के साथ विभिन्न मार्गों पर कई ब्रिज बनेंगे।
अमेठी शहर में रिंग रोड बनने से ककवा रोड, प्रतापगढ़ रोड, गौरीगंज रोड, मुसाफिरखाना रोड, सुल्तानपुर रोड व दुर्गापुर रोड से आने जाने वाले तीन लाख से अधिक लोगों के अलावा हजारों की संख्या में शहर के व्यापारियों को सहूलियत मिलेगी। शहर में यातायात का दबाव कम होगा। लोगों को जाम में फंसने से निजात मिलेगी। सूत्रों के अनुसार मंत्रालय की ओर से जल्द ही इसका डीपीआर तैयार कराकर सड़क निर्माण का काम शुरू किया जाएगा।