अमेठी। संग्रामपुर थानाक्षेत्र के धौरहरा गांव निवासी भाजपा बूथ अध्यक्ष की हत्या के मामले में फरार चल रहे दो हत्या आरोपियों पर शनिवार को आईजी ने 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इस मामले में वर्तमान में छह आरोपी वर्तमान में जेल में है।
संग्रामपुर थानाक्षेत्र के धौरहरा निवासी भाजपा बूथ अध्यक्ष दिनेश सिंह (40) की 18 जुलाई को बाइक सवार हमलावरों ने भिटहरी के पास पिटाई कर दी थी, इसमें उनकी मौत हो गई थी। पुत्री शालिनी सिंह की तहरीर पर पुलिस ने गांव निवासी संजय उर्फ मुन्ना सिंह, दीपक सिंह, पंचम सिंह व प्रतापगढ़ जिले के अंतू थानाक्षेत्र के जमादार का पुरवा उमरी निवासी रवि शंकर पांडेय पर पुलिस ने केस दर्ज किया था।
जांच में पाया गया कि मुन्ना सिंह सहित तीन अन्य अज्ञात लोगों की पुलिस हिरासत में पुरानी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने के कारण घटना को अंजाम दिया था। जांच में पाया गया था कि संजय सिंह उर्फ मुन्ना सिंह के कहने पर साजिश के तहत रविशंकर पांडेय, दीपक सिंह, ऋषभ सिंह, विमल सिंह, अभय प्रताप सिंह, सुरेन्द्र यादव व राम करन वर्मा ने दिनेश की हत्या की थी।
25 जुलाई को रविशंकर पांडेय और दीपक सिंह को गिरफ्तार किया गया था। अगस्त में एसपी डॉ. इलामारन जी ने फरार चल रहे छह आरोपियों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। दूसरे दिन ही संजय सिंह उर्फ मुन्ना ने न्यायालय में समर्पण कर दिया। इसके बाद विमल सिंह, अभय प्रताप सिंह व रामकरन वर्मा भी न्यायालय में समर्पण कर चुके हैं। अब तक घटना में शामिल 25 हजार के इनामी ऋषभ व सुरेंद्र यादव का पता नहीं चल सका। शनिवार को एसपी की रिपोर्ट पर आईजी रेंज अयोध्या प्रवीण कुमार ने दोनों फरार हत्यारोपी ऋषभ व सुरेंद्र यादव पर पुरस्कार की राशि बढ़ाकर 50-50 हजार कर दी है। एसपी डॉ. इलामारन जी ने बताया कि फरार अभियुक्तों को पकड़वाने में मदद करने वालों का नाम गुप्त रखते हुए इनाम राशि दी जाएगी।