अमेठी सिटी। विकास भवन कार्यालय परिसर में अफसरों की कार्यशैली से नाराज युवा कल्याण विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी ने बृहस्पतिवार को आमरण अनशन शुरू कर दिया। उन्होंने विभाग के अधिकारियों पर रिश्वत न मिलने के कारण प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
गौरीगंज कस्बा निवासी सुरेंद्रनाथ शुक्ल 30 नवंबर 2023 को क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी पद से सेवानिवृत्त हुए थे। आरोप है कि सेवानिवृत्ति के दो साल बाद भी उन्हें सभी देयकों का भुगतान नहीं किया गया है। शासन का निर्देश है कि कर्मचारियों के समस्त देयक सेवानिवृत्ति तिथि पर ही भुगतान कर दिए जाएं। कहा कि विभाग ने उनकी अप्रैल 1988 से 1991 तक की तदर्थ सेवा को आज तक नियमित नहीं किया गया है। इसके अनुसार मिलने वाले देयकों का भी भुगतान लंबित है।
उन्होंने कहा कि उनके समकक्ष कुछ कर्मचारियों की तदर्थ सेवा नियमित कर उन्हें देयक और वेतन लाभ दिए गए हैं। यह भेदभाव और शासनादेशों की अवहेलना है। आरोप लगाया कि प्रदेश मुख्यालय से लेकर अमेठी जिला प्रशासन तक के अधिकारी उन्हें लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। यह आर्थिक और मानसिक उत्पीड़न है।