अमेठी सिटी। हिन्दी दिवस के मौके पर शनिवार को परिषदीय स्कूलों में खेल-खेल में हिन्दी सीखे के साथ प्रतियोगिताएं हुईं। गोष्ठी में हिन्दी के प्रयोग की बात कहते हुए भाषा को सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया। शनिवार को हिन्दी शब्द पहेली कार्यक्रम में छात्रों को बोर्ड पर कुछ उलझे हुए हिन्दी शब्द देकर उनसे सही शब्द लिखवा कर शब्द ज्ञान बढ़ाने की कोशिश की गई।
हिंदी मुहावरे और कहावतें, कहानी लेखन, हिंदी भाषा, साहित्य, व्याकरण और प्रसिद्ध लेखकों के प्रश्नों पर आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। गौरीगंज के प्राथमिक स्कूल सारीपुर में प्रधानाध्यापिका पूर्णिमा तिवारी संग बच्चों ने रंगोली बनाकर हिंदी के महत्व को प्रदर्शित किया।
संग्रामपुर के गूंजीपुर में पोस्टर प्रतियोगिता हुई। गौरीगंज स्थित जीजीआईसी में गोष्ठी हुई। डीआईओएस डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने कहा कि हिंदी सशक्त होगी तभी हमारी संस्कृति सुरक्षित होगी। बीएसए संजय कुमार तिवारी ने कार्यालय में कर्मचारियों को हिंदी भाषा का प्रयोग करने की शपथ दिलाई।