अमेठी। ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों में अनियमितता सहित अन्य शिकायतों की जांच रिपोर्ट में विलंब करना नामित अफसरों को भारी पड़ सकता है। एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट देने को कहा गया है।डीएम राकेश कुमार मिश्र ने कलेक्ट्रेट सभागार में 43 ग्राम प्रधानों के विरुद्ध अनियमितता विषयक प्राप्त शिकायतों की जांच के लिए नामित 25 अधिकारियों के साथ बैठक किया।
बैठक में डीएम ने कहा कि ग्राम प्रधानों के विरुद्ध शिकायतों के संबंध में प्रचलित जांच प्रक्रिया एवं नियमों का अनुपालन संबंधित अधिकारियों द्वारा नहीं किया जा रहा है। जिससे ग्राम प्रधानों के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों का विधि पूर्वक निस्तारण नहीं हो पा रहा है। ग्राम प्रधानों के विरुद्ध हो रही कार्रवाई के विषय में कोर्ट में रिट याचिकाएं योजित हो रहीं हैं।
कहा कि जिन अधिकारियों को जांच के लिए नामित किया गया है वह नियमानुसार जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट डीपीआरओ को प्रस्तुत करें अन्यथा की स्थिति में संबंधित जांच अधिकारी के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। बैठक के दौरान सीडीओ छाबड़ा, एडीएम अर्पित गुप्ता, डीडीओ तेजभान सिंह, डीपीआरओ श्रीकांत यादव आदि मौजूद रहे।