अमेठी। नगर पंचायत की सीमा में आने वाले 18 तालाबों का सुंदरीकरण एवं मरम्मतीकरण होगा। उक्त तालाबों पर हुए अतिक्रमण को खाली कराने के लिए नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने एसडीएम को पत्र लिखा है। शासन के निर्देश पर तालाब, पोखर, जल संचयन स्थल के सुंदरीकरण एवं मरम्मतीकरण कराए जाने को लेकर नगर पंचायत के सदन की बैठक में प्रस्ताव किया गया है।
चिन्हित तालाबों में मजीद के घर के पास स्थित तालाब, आर्य समाज स्कूल के पीछे का तालाब, मुन्ना दरवेश के घर के सामने का तालाब, पसियाना मोहल्ला, सार्वजनिक शौचालय के पास, रेलवे क्रासिंग के पास, आयुर्वेद अस्पताल के पास, शंकर मुराई के घर के पास, कलवारन/हेला मोहल्ला के पीछे, पावर हाउस बाबा की मजार के पीछे, चांदनी चौक के बगल, चेतू के मकान के पास, गोपी के मकान के पास, रामलीला मैदान के पूरब तरफ, एसडीएम आवास के पास, सोनू लोहा वाले के घर के पास, कटरा राजा हिम्मत सिंह दक्षिणी व पश्चिमी तरफ, वार्ड नंबर सात में स्थित तालाबों की खुदाई एवं सुंदरीकरण का कार्य होगा।
नगर पंचायत के उक्त तकरीबन सभी तालाब, पोखरों एवं जल संचयन स्थलों पर अवैध रूप से न सिर्फ कब्जा किया गया है बल्कि एक बड़े हिस्से में निर्माण भी कर लिया गया है। तालाबों पर अतिक्रमण के चलते बारिश के मौसम में जलभराव की स्थिति शहर में उत्पन्न हो जाती है।
नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी एचपी सिंह ने एसडीएम को पत्र भेजकर तालाबों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को खाली कराए जाने की मांग की है। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि तालाबों की भूमि से अतिक्रमण खाली होने के बाद खुदाई एवं सुंदरीकरण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।