. गौरीगंज में हो रही बारिश के बीच गुजरते राहगीर। -संवाद
अमेठी सिटी। तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बीच बृहस्पतिवार दोपहर बाद हुई बारिश से लोगों को कुछ देर राहत मिली, लेकिन बारिश थमते ही उमस बढ़ गई और लोग फिर बेहाल हो उठे। अमेठी, गौरीगंज समेत जिले के कई हिस्सों में बारिश हुई। कई स्थानों पर सड़क और निचले इलाकों में पानी भरने से राहगीरों को परेशानी हुई।
दोपहर में अचानक मौसम बदला और बारिश शुरू हो गई। पर्व को लेकर बाजारों में भीड़ थी, ऐसे में दुकानदार सामान सुरक्षित करने में जुट गए, वहीं लोग सुरक्षित स्थान तलाशते रहे। बारिश थमने के बाद आवाजाही सामान्य हुई, मगर उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया।
गौरीगंज के व्यापारी संजय अग्रहरि ने बताया कि दुकान के आसपास पानी जमा हो गया। गृहिणी संगीता ने कहा कि रात में चिपचिपाहट से नींद प्रभावित हो रही है। राहगीर दिनेश कुमार व दिव्यांश ने जलभराव से दिक्कत बताई।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र के अनुसार, बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 25 डिग्री दर्ज किया गया। अगले 24 घंटे हल्की बारिश की संभावना है।