गौरीगंज स्थित सीएमओ कार्यालय गेट पर भरा पानी। संवाद
अमेठी सिटी। सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक हुई रिमझिम बारिश और फुहार से लोगों को गर्मी से राहत मिली। धान समेत अन्य फसलों को नमी मिलने से किसानों के चेहरे खिले, लेकिन झमाझम बारिश नहीं होने से राहत अधूरी रही। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और उमस बनी रही।
बारिश के बाद शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई मार्गों पर कीचड़ फैल गया। इससे पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर फिसलन बढ़ने से लोगों को आवागमन में दिक्कत हुई। स्थानीय लोगों ने जल निकासी की बेहतर व्यवस्था की मांग की।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वातावरण में नमी बनी हुई है और अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना है। किसानों का कहना है कि हल्की बारिश से खेतों में नमी तो बढ़ी है, लेकिन धान और अन्य खरीफ फसलों के लिए अच्छी वर्षा की जरूरत है। सिंचाई पर बढ़ता खर्च भी किसानों की चिंता बढ़ा रहा है।
उधर, खराब मौसम की आशंका को देखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देश पर इंटरमीडिएट तक के स्कूल और कॉलेज मंगलवार को बंद रहे। हालांकि सुबह बादल छाए रहने के बावजूद तेज बारिश नहीं हुई, जिससे दिन चढ़ने के साथ उमस फिर बढ़ गई और लोग झमाझम बारिश का इंतजार करते रहे।