तिलोई। लंबे समय से ट्रिपिंग और बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या झेल रहे 85 गांवों के उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। मोहनगंज विद्युत उपकेंद्र के नारायनपुर और शंकरगंज फीडरों का भार कम कर नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। इसके तहत नारायनपुर फीडर के करीब 40 प्रतिशत उपभोक्ताओं को तिलोई तहसील पावर हाउस से जोड़ दिया गया है, जबकि शंकरगंज फीडर का भार कम करने के लिए मेढ़ोना नाम से नया फीडर बनाया गया है।
नारायनपुर फीडर पर पहले करीब पांच हजार कनेक्शन संचालित थे। अधिक भार के कारण उपभोक्ताओं को लगातार ट्रिपिंग और कम वोल्टेज की समस्या का सामना करना पड़ता था। शनिवार से करीब 35 गांवों के उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति तिलोई तहसील पावर हाउस से शुरू कर दी गई है। इससे बिजली आपूर्ति में सुधार की उम्मीद है। अधिशासी अभियंता राकेश रोशन ने बताया कि मोहनगंज उपकेंद्र से करीब 38 हजार उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति होती है।
बढ़ते लोड को देखते हुए दोनों फीडरों का भार कम किया गया है। भविष्य में आवश्यकता के अनुसार नए फीडर भी बनाए जाएंगे। रमई, नवाबा, सैबसी, उत्तर पारा समेत 85 गांवों के उपभोक्ताओं ने नई व्यवस्था का स्वागत किया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि ट्रिपिंग कम हुई और निर्बाध बिजली मिलने लगी तो गर्मी और सिंचाई दोनों की परेशानी काफी हद तक दूर हो जाएगी।