अमेठी। बार एसोसिएशन के चुनाव में रिकाउंटिंग को लेकर छिड़ा विवाद चौथे दिन शनिवार को भी शांत नहीं हो सका। तहसील परिसर में दिनभर तनाव का माहौल बना रहा। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सदाशिव पांडेय दिनभर एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन दयाशंकर शुक्ल का इंतजार करते रहे। चेयरमैन तबीयत खराब होने के कारण तहसील नहीं पहुंचे।
सभागार के अंदर रखी बैलेट पेपर वाली अलमारी पर लगाई गई सील जस की तस बनी रही। सदाशिव पांडेय ने कहा कि जब तक निष्पक्ष तरीके से रिकाउंटिंग नहीं कराई जाएगी, तब तक वे अलमारी नहीं खुलने देंगे। उनका कहना है कि मतगणना के दौरान हुई गड़बड़ी से चुनाव परिणाम प्रभावित हुआ है। बार परिसर में शनिवार को भी अधिवक्ताओं की भीड़ जुटी रही।
कई अधिवक्ताओं का मानना है कि अब निर्णय चेयरमैन की मौजूदगी में ही होना चाहिए। प्रत्याशी सदाशिव पांडेय अपने रुख पर कायम हैं और स्पष्ट कहा है कि वे रिकाउंटिंग के बिना चुनाव परिणाम को स्वीकार नहीं करेंगे। गौरतलब है कि मंगलवार को हुए चुनाव में एडवोकेट दिनेश सिंह ने दो वोटों के अंतर से अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की थी, जिसके बाद से ही बार एसोसिएशन में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है।