अमेठी सिटी। संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस सांसद बनने के बाद अब कांग्रेसी मुखर होकर क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा कर रहे हैं। साथ ही उन समस्याओं के निस्तारण को लेकर सांसद तक उसे पहुंचा रहे हैं। रविवार को अमेठी स्थित कांग्रेस कार्यालय पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. देव मणि तिवारी की अगुवाई में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक हुई।
इसमें क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़क, विद्युत, जलनिकासी समेत अन्य समस्याओं तथा संगठन को मजबूत करने को लेकर चर्चा हुई। साथ ही संबंधित पदाधिकारी व कार्यकर्ता से लिखित मांग पत्र लिया गया। वहीं, ब्लॉक, मंडल, न्याय पंचायत व ग्रामसभा अध्यक्षों से परिचय पत्र जारी करने के लिए फोटो आदि अभिलेख एकत्रित किए गए। ब्लॉक अध्यक्ष ने बताया कि बैठक में आईं क्षेत्र की सभी समस्याओं को निस्तारित कराने के लिए सांसद को सभी मांगपत्र दिए जाएंगे।
इस मौके पर अब्दुल वाहिद, शेरअली, निजामुद्दीन, राकेश सिंह, महावीर, महेंद्र बहादुर सिंह, कलावती मौर्य आदि मौजूद रहे। वहीं, ब्लॉक संग्रामपुर में ब्लॉक हीरामणि कनौजिया की मौजूदगी में बैठक हुई, जिसमें क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा हुई। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजीव सिंह ने कहा कि बैठक में आईं समस्याओं का निस्तारण व विकास कराने को लेकर सांसद तक बात पहुंचाई जाती है।
संगठन को मजबूत करने पर दिया जोर
जामों (अमेठी)। ब्लाॅक मुख्यालय के कांग्रेस कार्यालय पर ब्लाॅक उपाध्यक्ष अभयदत्त चतुर्वेदी की अगुवाई में बैठक हुई, जिसमें गांव स्तर पर संगठन मजबूत करने को लेकर जोर दिया गया। ब्लॉक उपाध्यक्ष ने कहा कि सांसद की ओर से सभी न्याय पंचायत में विकास कार्य कराने के लिए सूची मांगी गई थी। इस मौके पर छोटेलाल तिवारी, महेश कुमार, महादेव, गीता सिंह, कांती देवी, ताडक नाथ तिवारी आदि मौजूद रहे। (संवाद)