अमेठी। गौरीगंज ब्लॉक के रोहसी बुजुर्ग ग्राम पंचायत के मतगणना में गड़बड़ी की बात कह पुनर्मतगणना के दायर वाद को एसडीएम ने खारिज कर दिया है।जिला मुख्यालय के ब्लॉक गौरीगंज की ग्राम पंचायत रोंहसी बुजुर्ग के प्रधान पद की पुनर्मतगणना के लिए एसडीएम गौरीगंज न्यायालय में दाखिल याचिका को एसडीएम ने खारिज कर दिया। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2021 में ब्लॉक गौरीगंज की ग्राम पंचायत रोहसी बुजुर्ग के प्रधान पद के चुनाव में अजय विक्रम सिंह, खुशबू सिंह, राजेश, रिपुसूदन, शांती व शिवप्रताप सिंह चुनाव लड़े थे। कुल पड़े 1450 मतों की मतगणना में अजय विक्रम सिंह को 96, खुशबू सिंह को 354, राजेश को 8, रिपुसूदन को 451, शांती को 4 व शिवप्रताप सिंह को 439 मत मिले थे। 451 मत पाने के बाद आरओ ने 12 मतों से रिपुसूदन को प्रधान निर्वाचित घोषित करते हुए प्रमाण पत्र दिया।
रिपुसूदन के निकटतम प्रतिद्वंदी शिवप्रताप सिंह ने मतगणना में धांधली का आरोप लगाते हुए एसडीएम गौरीगंज न्यायालय में चुनाव याचिका दाखिल कर पुनर्मतगणना का अनुरोध किया था। दोनों पक्षों के तर्को को सुनने के बाद एसडीएम अनुभव कनौजिया ने याचिका को बलहीन व साक्ष्य समर्थित न होने के कारण पुर्नमतगणना याचिका को खारिज कर दिया है।