अमेठी सिटी। विजयदशमी पर मंगलवार को जिले में 30 स्थानों पर रावण दहन होगा, जबकि 57 जगह दशहरा मेले लगेंगे। पर्व को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गौरीगंज, अमेठी, जगदीशपुर समेत प्रमुख कस्बों में रामलीला मंचन के बाद रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। मेले में खिलौने, मिठाई, चाट-पकौड़ी और झूलों की दुकानें सज गई हैं। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है।
गौरीगंज, अमेठी, एचएएल मुंशीगंज, मुसाफिरखाना, जगदीशपुर, बाजारशुकुल, जायस, तिलोई और जामों में दशहरा मेले की तैयारियां पूरी हो गई हैं। मेला स्थलों पर खिलौने, गुब्बारे, मुखौटे और रंग-बिरंगे सामान की दुकानें सजाई गई हैं। मिठाई, चाट-पकौड़ी और गोलगप्पे के स्टॉल भी तैयार हैं। बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए झूले लगाए गए हैं।
राम-रावण युद्ध के बाद होगा पुतला दहन
गौरीगंज में सैठा मोड़ के पास राम-रावण युद्ध के मंचन के बाद पुतला दहन होगा। अमेठी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में 35 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। अन्य स्थानों पर भी रामलीला मंचन के साथ रावण दहन होगा। भगवान राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान की झांकियां निकाली जाएंगी। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
चार जोन और 17 सेक्टर में बंटा जिला
दशहरा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले को चार जोन और 17 सेक्टर में बांटा गया है। क्षेत्राधिकारियों को जोन प्रभारी और थानाध्यक्षों को सेक्टर प्रभारी बनाया गया है। एक कंपनी और डेढ़ सेक्शन पीएसी के साथ स्थानीय पुलिस बल तैनात रहेगा। जगदीशपुर, जायस, मुसाफिरखाना, मोहनगंज और बाजारशुकुल में पीएसी की अतिरिक्त तैनाती होगी। प्रमुख मेला स्थलों पर सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी भी निगरानी करेंगे।
54 हॉटस्पॉट पर पुलिस की नजर
एसपी सरवणन टी. ने बताया कि जिले के 54 हॉटस्पॉट पर पुलिस की चौबीस घंटे निगरानी की जा रही है। मेला स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। शोभायात्राओं के दौरान यातायात सुचारु रखने और पुतला दहन के समय दर्शकों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आग से बचाव के लिए दमकल वाहन भी तैनात रहेंगे।