गौरीगंज (अमेठी)। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के लिए आवंटित गेहूं दो तो चावल तीन रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपभोक्ताओं में वितरित होगा। अक्तूबर का राशन मिलने के बाद पूर्ति विभाग पांच से 14 दिसंबर तक इसका वितरण करायेगा।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के तहत पूर्ति विभाग जिले में संचालित 765 कोटे की दुकानों से 70,364 अंत्योदय व 2,79,563 पात्र गृहस्थी उपभोक्ताओं को माह में दो बार निशुल्क राशन वितरित करता है। एफसीआईसी से राशन नहीं मिलने से जिले में वितरण रोस्टर प्रभावित हो रहा है। अक्तूबर माह के पहले चक्र का राशन अब तक उपभोक्ताओं में वितरित नहीं हो सका है।
कोटे की दुकान से सिंतबर माह के लिए आवंटित राशन उपभोक्ताओं में वितरित करने के लिए कोटेदारों को आवंटित राशन की आपूर्ति की जा चुकी है। राशन की आपूर्ति होने के बाद आयुक्त खाद्य एवं रसद सौरभ बाबू ने अक्तूबर माह के प्रथम चक्र में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के तहत आवंटित राशन उपभोक्ताओं में आगामी पांच से 14 दिसंबर तक वितरित करने को कहा है। पत्र मिलने के बाद पूर्ति विभाग प्वाइंट ऑफ सेल मशीन से अंत्योदय उपभोक्ताओं को 14 किलोग्राम गेहूं व 21 किलोग्राम चावल तथा पात्र गृहस्थी उपभोक्ताओं को प्रति यूनिट दो किलोग्राम गेहूं व तीन रुपये प्रति किलोग्राम चावल वितरित करेगा।
निर्धारित शुल्क पर होगा राशन वितरण
अक्तूबर माह के राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना का राशन कोटे की दुकानों पर पहुंच गया है। पांच से 14 दिसंबर तक कोटेदार इसका वितरण होगा। अनियमितता नहीं हो इसके लिए टीम गठित कर जांच की व्यवस्था बनाई गई है। -विजय कुमार, प्रभारी डीएसओ