अमेठी सिटी। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जामों में मंगलवार को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खो-खो प्रतियोगिता में रानी दुर्गावती टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।
टीम में सुलोचना, अर्चना, रागिनी, नंदनी, अफरीन, सुमिला, मोहिनी और शिवमहिमा शामिल रहीं। खिलाड़ियों ने सामूहिक प्रयास और बेहतर रणनीति के बल पर जीत हासिल की। बैडमिंटन एकल प्रतियोगिता में कक्षा 12 की नंदनी विजेता रहीं। उन्होंने पूरे मुकाबले में शानदार खेल दिखाया। वहीं हुला हूप प्रतियोगिता में अंजली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, शिवमहिमा द्वितीय और श्रद्धा मिश्रा तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतिभागियों ने संतुलन और कौशल का अच्छा प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंत में प्रधानाचार्य गीता श्रीवास्तव ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। कहा कि खेल प्रतियोगिताएं छात्राओं के शारीरिक विकास के साथ अनुशासन और टीम भावना को भी मजबूत करती हैं। (संवाद)