तिलोई/सिंहपुर। सेमरौता निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता और राम मंदिर आंदोलन के कारसेवक तारकनाथ बाजपेई का शुक्रवार रात निधन हो गया। उन्होंने 97 वर्ष की उम्र में अपने आवास पर अंतिम सांस ली।
लंबे समय से बीमार चल रहे तारकनाथ बाजपेई के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार को पैतृक गांव सेमरौता में उनका अंतिम संस्कार किया गया। बड़े बेटे कमलेश कुमार बाजपेई ने मुखाग्नि दी। बेटे कमलेश ने बताया कि उनके पिता वर्ष 1992 में अयोध्या में कारसेवा के दौरान करीब एक माह गोरखपुर जेल में रहे थे। वह हिंदूवादी विचारधारा के मुखर नेता थे। तिलोई के सुभाष पशुपतिनाथ इंटर कॉलेज की कार्यकारिणी के सदस्य भी रहे।
अंतिम संस्कार में ग्राम प्रधान देवीशरण बाजपेई, कांग्रेस नेता सुरेश त्रिवेदी, भाजपा नेता राकेश त्रिपाठी, भवानी दत्त, पंकज अवस्थी समेत कई लोग शामिल हुए। राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, पूर्व प्रमुख तिलोई कृष्ण कुमार सिंह, धर्मेश मिश्र, अवनींद्र प्रताप सिंह आदि ने तारकनाथ के निधन पर शोक जताया।
वरिष्ठ समाजसेवी ललन मिश्र का निधन : जामों। बलभद्रपुर के रानीपुर गांव के वरिष्ठ समाजसेवी व खेलकूद के प्रेमी ललन मिश्र मड़कढ़ा का शुक्रवार देर रात घर में बीमारी के कारण निधन हो गया। उनके बेटे नितिन मिश्र ने बताया कि यह काफी दिन से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। कई साल से वह नववर्ष के आगमन पर पांच दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता गांव में कराते रहे। (संवाद)