अमेठी सिटी। शून्य से पांच साल तक के करीब तीन लाख बच्चों को पोलियो की खुराक देने को लेकर आठ दिसंबर से अभियान चलेगा। अभियान को सफल बनाने के लिए शनिवार को जगह-जगह जागरूकता रैली निकाली गई।
जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से रविवार से 16 दिसंबर तक पल्स पोलियो अभियान चलेगा। नौ से 13 दिसंबर तक टीमें घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी। 16 दिसंबर को बी टीमें छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी। जिले में कुल करीब तीन लाख बच्चों को पोलियो खुराक देने का लक्ष्य मिला है। पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए सीएमओ कार्यालय से शनिवार को जन जागरूकता रैली निकाली गई। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर डीआईओ डॉ. एमके त्रिपाठी, डॉ. जकरिया, डॉ. पीके उपाध्याय आदि मौजूद रहे।
वहीं, संग्रामपुर सीएचसी प्रभारी डॉ. संतोष व डब्ल्यूओएच के मॉनिटर दिलीप शर्मा की मौजूदगी में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली ने कालिकन धाम, संग्रामपुर मुख्यालय, थाना चौराहा आदि का भ्रमण कर पोलियो मुक्त बनाने का संदेश दिया। इसके साथ ही संग्रामपुर स्थित मॉडल प्राथमिक विद्यालय धौरहरा, धोएं, भावसिंहपुर, तिवारीपुर, सोनारीकनू, भावलपुर, बनवीरपुर, भैरोपुर आदि परिषदीय विद्यालय के बच्चों ने रैली निकाल कर लोगों को जागरूक किया गया।
सीएचसी अमेठी में अल्ट्रासाउंड मशीन का शुभारंभ
अमेठी। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार अग्रहरि की ओर से सीएचसी अमेठी को नई अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराई गई थी। शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष और सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने नई अल्ट्रासाउंड मशीन का शुभारंभ किया। अब मरीजों को अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। सीएमओ ने कहा कि सीएचसी पर मरीजों का अल्ट्रासाउंड होगा, उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होगी। इस मौके पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. आलोक तिवारी आदि मौजूद रहे।