अमेठी सिटी। जिले में बृहस्पतिवार को ईद उल फितर का त्योहार बड़े धूमधाम से मनाया गया। अल्लाह की बारगाह में लोगों ने सजदा किया। मुल्क में अमन चैन और तरक्की के लिए दुआ मांगी गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकवाद दी। प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए थे। गौरीगंज सैंठा मार्ग व चौक बाजार स्थित मस्जिद के साथ शहर व ग्रामीण क्षेत्र स्थित सभी मस्जिदों में ईद की नमाज के लिए सुबह से नमाजियों का आना शुरू हो गया था। निर्धारित समय पर नमाज अदा की गई। अमेठी शहर स्थित जामा मस्जिद पर सुबह आठ बजे ईद उल फितर की नमाज अदा की गई। जामा मस्जिद के पेश इमाम मौलाना साजिद रजा खान ने तकरीर में कहा कि हमारे मुल्क की संस्कृति गंगा जमुनी है। इसके साथ ही लोगों का ईद मुबारक देने का सिलसिला शुरू हुआ।
अन्य समुदाय के लोगों ने दी बधाई
शहर के नूरी मस्जिद, आमीना मस्जिद, मस्जिद अबू बकर, मस्जिद शेख साहब, मदीना मस्जिद सहित ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में स्थित अन्य सभी मस्जिदों पर ईद की नमाज अदा की गई। नमाज अदा करने के बाद मुस्लिम समुदाय के साथ ही अन्य समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की बधाई दी।
नेताओं ने गले मिलकर दी बधाई
गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह, नगर पालिका परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि दीपक सिंह, कांग्रेस पूर्व एमएलसी दीपक सिंह समेत कई अन्य जनप्रतिनिधियों ने गले लगकर लोगों को ईद की बधाई दी। अमेठी में सपा विधायक प्रतिनिधि अरुण प्रजापति, जामा मस्जिद सेक्रेटरी मोहम्मद लईक हवारी, मोहम्मद कलीम, मोहम्मद कमर, वकील राईन, वसीम राईन, मोहम्मद शान, फैजान आदि ने एक दूसरे के गले में ईद की मुबारकवाद दी।
सेवई खिलाई, ईदी भी दी
- ईद पर एक दूसरे को बधाई देने लोग रिश्तेदारों, मित्रों के घर पहुंचे। यहां पर सेंवई, लच्छा व अन्य पकवान का लुत्फ उठाया। साथ ही ईदी भी बांटी गई।। यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा।
सतर्क रहा प्रशासन
ईद को लेकर प्रशासन सतर्क रहा। जायस में जिलाधिकारी निशा अनंत व पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह फोर्स के साथ ईद की नमाज के वक्त मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त लेकर ड्रोन कैमरे के साथ पुलिस टीमें निगरानी के लिए लगाई गई थी।