. तिलोई में खाद वितरण केंद्र की जांच करती एसडीएम व जिला कृषि अधिकारी। स्रोत स्थानीय
अमेठी सिटी। खरीफ सीजन में किसानों को निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने शुक्रवार को जिलेभर में जांच अभियान चलाया। चारों तहसीलों में एसडीएम और कृषि विभाग की संयुक्त टीमों ने 25 उर्वरक दुकानों, सहकारी समितियों, इफको केंद्रों और गोदामों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर पांच दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया, जबकि सात उर्वरकों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए लिए गए।
टीमों ने अमेठी, गौरीगंज, तिलोई और मुसाफिरखाना क्षेत्र में स्टॉक रजिस्टर, बिक्री अभिलेख, पीओएस मशीन से बिक्री, उर्वरक प्राधिकार पत्र और रेट बोर्ड का सत्यापन किया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद किसानों से भी खाद की उपलब्धता और निर्धारित मूल्य पर बिक्री के संबंध में जानकारी ली।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह निरंजन ने बताया कि सात उर्वरकों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। पांच दुकानों पर अभिलेखों और अन्य व्यवस्थाओं में अनियमितता मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। संतोषजनक जवाब न मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि उर्वरकों की कालाबाजारी, ओवररेटिंग और जमाखोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।