गौरीगंज (अमेठी)। कांग्रेस पार्टी मेें राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को हुए मतदान में अमेठी संसदीय क्षेत्र के 16 पीसीसी सदस्य भी मतदाता थे। अमेठी से पीसीसी सदस्य राहुल गांधी ने पदयात्रा के दौरान बेल्लारी तो अन्य सदस्यों ने लखनऊ स्थित पोलिंग बूथ पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
कांग्रेस पार्टी ने बीते दिनों संसदीय क्षेत्र (अमेठी जिले की तिलोई, अमेठी, गौरीगंज व जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र तथा रायबरेली की सलोन विधानसभा क्षेत्र) के सभी 16 ब्लॉकों में एक-एक नेता को पीसीसी (प्रदेश कांग्रेस कमेटी) सदस्य नामित किया था। नामित पीसीसी सदस्यों में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व पूर्व एमएलसी दीपक सिंह भी शामिल थे।
अन्य नामित पीसीसी सदस्यों में यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शुभम सिंह, यूथ कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष शकील इदरीसी, प्रियंका वाड्रा की करीबी रमाकांती विश्वकर्मा, गौरीगंज से पिछला विधानसभा चुनाव लड़ चुके फतेह बहादुर, जगदीशपुर से प्रत्याशी रहे विजय पासी, सलोन से प्रत्याशी रहे अर्जुन पासी, राजकुमार यादव, ममता त्रिपाठी, सुनीता सिंह, किरन देवी, शबीना खातून, शोभनाथ कोरी, धर्मराज बहेलिया व राम बरन मौर्य हैं।
सोमवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए हुए चुनाव में राहुल गांधी ने पदयात्रा के दौरान बेल्लारी में तो अन्य सदस्यों ने लखनऊ कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर अपना वोट डाला।
कांग्रेस से सीखें अन्य पार्टियां : दीपक
हमारे लोकतांत्रिक देश भारत में सिर्फ कांग्रेस पार्टी ऐसी है जहां सेलेक्शन नहीं इलेक्शन होता है। कुछ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रैली में जाने के लिए धक्के खाते हैं। सिर्फ जुबान से लोकतंत्र की बात करने वाली पार्टियां कांग्रेस से सीखें।