गोपाल इंटर कॉलेज पंडरी में आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभाग करतीं छात्राएं। संवाद
अमेठी सिटी। मिशन प्रबोधन के अंतर्गत शुक्रवार को गोपाल इंटर कॉलेज पंडरी में शैक्षिक गोष्ठी और प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को समय प्रबंधन और तैयारी के प्रभावी तरीकों की जानकारी दी गई। गोष्ठी के बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
निबंध प्रतियोगिता में रागिनी ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि गुड़िया दूसरे और गुड़िया कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। भाषण प्रतियोगिता में अंशिका देवी ने प्रथम, शालू ने द्वितीय और सुभांशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लूडो प्रतियोगिता में रिया ने बाजी मारी। मनू तिवारी दूसरे और मैथली तीसरे स्थान पर रहीं। चेस प्रतियोगिता में अंशिका ने शानदार जीत दर्ज की। कबड्डी प्रतियोगिता में हाईस्कूल वर्ग की टीम विजेता बनी।
प्रधानाचार्य राजेश चंद्र पांडेय ने कहा कि कक्षा छह से बारहवीं तक का पाठ्यक्रम प्रतियोगी परीक्षाओं की मजबूत नींव है। सिविल सेवा जैसी परीक्षाओं में अधिकांश प्रश्न इसी पाठ्यक्रम से पूछे जाते हैं। विद्यार्थी इसे गंभीरता से समझकर पढ़ें तो अतिरिक्त कोचिंग की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने छात्रों से रटने के बजाय लिखकर याद करने की आदत अपनाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अनुपम शुक्ल सहित सभी शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद रहे।