अमेठी सिटी। रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट के साथ आरक्षित टिकट लेना परेशानी भरा साबित हो रहा है। इन दिनों सुबह से तत्काल टिकटों के लिए रात से ही आरक्षण केंद्र पहुंचकर लाइन लगानी पड़ रही है, लेकिन एक मिनट में दिल्ली व मुंबई की ट्रेनों की सीटें फुल हो जा रहीं है। ऐसे में अधिकांश यात्रियों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी रेल ट्रैक पर संचालित ट्रेनों में आरक्षित टिकट मिल पाना किसी मुसीबत से कम नहीं है। मुंबई, सूरत और अहमदाबाद के लिए टिकटों की ऐसी मारामारी है कि आरक्षण टिकट मिल पाना आसान नहीं रह गया है। गौरीगंज में केवल एक काउंटर संचालित किए जाने से प्रतिदिन लोगों की लंबी लाइन लग रही है।
ऐेसे में दिल्ली, मुबंई, सूरत, अहमदाबाद समेत अन्य महानगरों व स्टेशन के लिए लोग रातभर जाकर स्टेशन पर तत्काल कोटे से आरक्षित टिकट बुक कराने के लिए लाइन लगा रहे हैं। लेकिन, एसी कोटे का सुबह 10 बजे व स्लीपर कोटे का 11 बजे बुक होने वाला टिकट एक मिनट में वेटिंग बताने लगता है। इससे यात्रियों को मायूस होकर लौटना पड़ा रहा है। गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर रविवार को मिले पूरे रामदीन पंडित का पुरवा निवासी अनिल मौर्य व सुजीत सिंह ने बताया कि मुंबई का आरक्षण कराने के लिए रात से ही लाइन में लगे थे। उन्हें दूसरे नंबर का टोकन भी मिला था, लेकिन इसके बाद भी तत्काल टिकट नहीं हो सका। दिल्ली के लिए टिकट बुक कराने पहुंचे आनापुर निवासी कल्पनाथ व संदीप पाल ने बताया कि पांच नंबर का टोकन मिला था, लेकिन उसके पहले सीट फुल हो गई।
पहले आओ-पहले पाओ नियम से बांटे जाते हैं फार्म
पहले आओ-पहले पाओ नियम से तत्काल कोटे के आरक्षित टिकट के फार्म यात्रियों को दिए जाते हैं मुंबई व दिल्ली के टिकटों की मांग अधिक होने से एक मिनट से कम समय में ही सीटें बुक हो जाती हैं। प्रतिदिन एसी में करीब पांच व स्लीपर में 10 सीटें तत्काल कोटे की टिकट बुक हो रही हैं। यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए समुचित कोशिश की जा रही है। - प्रवीण सिंह, स्टेशन अधीक्षक गौरीगंज