भादर (अमेठी)। पीपरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी की मौत को लेकर सवाल उठ रहे हैं। तीन दिन पहले किशोरी की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि परिजनों ने किशोरी की मौत बीमारी से होने की बात बताई है। मामला संदिग्ध होते देखकर पुलिस ने किशोरी का शव कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने का निर्णय लिया है। पीपरपुर थाने के एक गांव की किशोरी बृहस्पतिवार को सुल्तानपुर जिले के धम्मौर बाजार में परिजनों को मिली। यहां पर किशोरी की पिटाई कर दी गई। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। बाजार में किशोरी की पिटाई की सूचना पर पहुंची धम्मौर पुलिस किशोरी व परिजनों को थाने ले आई। किशोरी पहले घर जाने को तैयार नहीं हुई। बाद में समझा-बुझाकर किशोरी को मां को सौंप दिया गया। अचानक शुक्रवार की रात किशोरी की मौत हो गई।
शनिवार को परिजनों ने बीमारी से मौत की बात कहते हुए शव को दफन दिया। इसके बाद दोबारा से किशोरी की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ। पीपरपुर पुलिस के संज्ञान में यह मामला आया। इसके बाद मामले की पड़ताल शुरू की गई है। पुलिस ने गांव के चौकीदार की तहरीर पर केस दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
एसओ संदीप राय ने किशोरी की बाजार में पिटाई व रात में संदिग्धदशा में मौत होने की सूचना मिलने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। शव को कब्र से निकाल पोस्टमॉर्टम कराने की प्रक्रिया चल रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। जिसके बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उठे सवाल
बाजार में किशोरी के पिटाई की सूचना पर धम्मौर पुलिस पहुंची किशोरी थाने ले भी गई। पुलिस ने पूरे प्रकरण में कार्रवाई करने के बाद समझा-बुझा परिजनों के साथ भेजकर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर ली। ऐसे में कई सवाल खड़े हो रहे हैं।, किशोरी की मौत की वजह को लेकर चर्चाओं का दौर चल रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में जांच की बात कह रही है।
पोस्टमार्टम के बाद स्थिति साफ होगी
पूरा प्रकरण संज्ञान में है। वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। परिजनों ने बीमारी से मौत की बात बताई है। ऐसे में शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। इसके बाद स्थिति साफ होगी।
- डॉ. इलामारनजी, एसपी अमेठी