पीपरपुर गांव में निकले अजगर काे पकड़े वन कर्मी। स्त्रोत : ग्रामीण
संग्रामपुर/मुंशीगंज। संग्रामपुर के ठेंगहा महादेवन मंदिर परिसर और भादर के पीपरपुर में सोमवार सुबह अजगर निकलने से ग्रामीण दहशत में आ गए। ठेंगहा में ग्रामीणों ने तो पीपरपुर में वन कर्मियों ने अजगर का रेस्क्यू किया।
ठेंगहा गांव स्थित प्राचीन गौरीशंकर (महादेवन) मंदिर परिसर में सुबह पूजा करने पहुंचे एक भक्त की नजर बिल्व के पेड़ पर लिपटे विशालकाय अजगर पर पड़ी। इससे मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया। ग्रामीण सतीश सिंह ने बताया कि अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया है। वन दरोगा रणवीर सिंह ने बताया कि उन्हें अजगर दिखने या रेस्क्यू की कोई सूचना नहीं मिली। एक स्थानीय व्यक्ति ने अजगर का रेस्क्यू किया है, जिसका विभाग से कोई संबंध नहीं है। मामले की जानकारी वन क्षेत्राधिकारी को भेजी जाएगी।
पीपरपुर गांव में सुबह खेत में अजगर दिखाई देते ही ग्रामीण घबरा गए। टिकरी गांव के अनुराग सिंह ने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही टीम गांव पहुंची और दो घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया। टीम के सदस्यों ने बताया कि सांप का आकार बड़ा था, इसलिए उसे नियंत्रित करने में समय लगा। वन क्षेत्राधिकारी जगत नारायण सिंह ने कहा कि अजगर को काबू कर लिया गया है। पकड़े गए सांप को प्रक्रिया पूरी होने के बाद जंगल में छोड़ दिया जाएगा।