अमेठी। सामाजिक कुरीतियां दूर कर आदर्श समाज की स्थापना की लिए गायत्री परिवार की ओर से गृह-गृह महायज्ञ कार्यक्रम संचालित हो रहा है। रविवार को तीन स्थानों पर 25 घरों में गायत्री महायज्ञ करवाया गया। इस दौरान परिवार के सदस्यों को एक बुराई छोड़ने की बात कहते हुए कुरीतियों से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया। गृहे गृहे गायत्री महायज्ञ के तहत रविवार को 51वें चरण में अमेठी के सात, सरुवांवा के आठ, मुसाफिरखाना के नौ व जगदीशपुर के एक समेत 25 घरों में गायत्री महायज्ञ सम्पन्न हुआ। इंडोरामा, जगदीशपुर उपाध्यक्ष (उत्पादन) एमपी यादव के आवास पर 24 हजार गायत्री मंत्र अनुष्ठान हुआ। जिसे गायत्री परिवार के कौशल किशोर, काली सहाय सिंह, राज बख्श सिंह, सत्यदेव, रामपाल, संगीता आदि की टोली ने डॉ त्रिवेणी सिंह, डॉ दीपक सिंह, सजल यादव, जनार्दन यादव, एसएस पांडेय, प्रेम शंकर आदि की मौजूदगी में संपन्न कराया।
यज्ञ के माध्यम से यज्ञाचार्यों ने विधि विधान से हवन पूजन के साथ देव स्थापना कराई। सभी श्रद्धालुओं को एक बुराई का त्यागने व एक अच्छाई ग्रहण करने का संकल्प दिलाया। जिला समन्वयक डॉ. त्रिवेणी सिंह ने कहा कि युगतीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार के संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य ने विचार क्रांति अभियान चलाया। जो आज समाज को संस्कार और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित कर रहा है। गायत्री मंत्र की उपासना से ही विचारों में शुचिता, शुद्धता और स्पष्टता आएगी। जगदीशपुर और मुसाफिरखाना में कई यजमानों के यहां पर यज्ञ कार्यक्रम संपन्न हुआ।