अमेठी। बटाईदार कृषकों को अपना उत्पादन बेचने में परेशानी से बचाने के लिए शासन ने उनकी फसल खरीदने की भी योजना बनाई है। कवायद सफल हो सके इसके लिए सचिव खाद्य एवं रसद ने जिला प्रशासन को पत्र जारी किया है। इसमें जिले में बटाई पर खेती करने वाले किसानों का पंजीयन कराते हुए निर्धारित समर्थन मूल्य पर धान क्रय करने को कहा गया है। अब तक क्रय केंद्रों पर सिर्फ खतौनी धारक किसानों की फसलों की ही खरीद होती थी।
बटाई पर खेत लेकर खेती करने वाले कृषकों की फसल उत्पादन ब्रिकी में हो रही परेशानी दूर करने के लिए प्रदेश सरकार ने खरीद वर्ष 2020-21 में क्रय केंद्रों पर बटाईदार कृषकों की फसल खरीदने की योजना बनाई है। कवायद सफल हो सके इसके लिए सचिव खाद्य एवं रसद ने जिला प्रशासन को पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया है।
पत्र में फसल समर्थन मूल्य योजना के तहत बटाईदारों का ऑनलाइन पंजीयन कराते हुए टोकन के आधार पर उनकी उत्पादित धान की फसल निर्धारित समर्थन मूल्य 1,868 रुपये प्रति क्विंटल की दर से क्रय करने का निर्देश दिया गया है। भुगतान की धनराशि किसानों के खाते में आरटीजीएस के माध्यम से अंतरित करने को कहा है।
सचिव ने बटाईदारों को धान की उत्पादित फसल बिक्री करने में परेशानी होने की दशा में क्रय केंद्र प्रभारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है। डिप्टी आरएमओ भीमाचंद्र गौतम ने सचिव का पत्र मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि पहले सिर्फ खतौनी धारक से ही फसल की खरीद होती थी। सचिव का निर्देश मिलने के बाद क्रय केंद्र प्रभारियों को बटाईदार की भी फसल खरीदने का निर्देश दे दिया गया है।