अमेठी सिटी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत बुधवार को अनंतिम सूची जारी होगी। मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन होने के बाद आपत्तियां ली जाएंगी।
जिले की चारों विधानसभा अमेठी, गौरीगंज, जगदीशपुर और तिलोई में 14,36,528 मतदाताओं के सापेक्ष फॉर्म फीडिंग का शत-प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। इसमें 2,74,948 (मृत, अनुपस्थित, शिफ्टेड, डुप्लीकेट व अन्य) मतदाता मिले थे। करीब 7707 मतदाता सत्यापन के दौरान मिले, जिन्हें ऑनलाइन फीड किया गया। अब तक एएसडी सूची में 2,67,241 मतदाता हैं। इसमें मृत 56,155, शिफ्टेड 1,23,493, अनुपस्थित 59,059, डुप्लीकेट 24,264 और 4270 अन्य शेष हैं। एएसडी सूची में शामिल अनुपस्थित, शिफ्टेड, डुप्लीकेट व अन्य के फॉर्म सत्यापन का कार्य हो गया है।
इन मतदाताओं को जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से सूची में शामिल करने के लिए एक और मौका दिया जाएगा। 31 दिसंबर से 30 जनवरी 2026 तक सूची पर दावे व आपत्तियां ली जाएंगी। साथ ही आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। पुनरीक्षण अभियान भी चलाकर 18 वर्ष की आयु पूरी करने वालों के वोट बनाए जाएंगे। एएसडी सूची में शेष बचे मतदाताओं को नोटिस भेजने की कवायद की जा रही है। एडीएम अर्पित गुप्ता ने बताया कि एसआईआर का काम पूरा हो चुका है। मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन होने के बाद आपत्तियां मांगी जाएंगी। आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद फाइनल मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।