गौरीगंज (अमेठी)। पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों से नाराज एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यालय से जुलूस की शक्ल में निकले कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी व प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
शहर स्थित कांग्रेस के केंद्रीय कार्यालय में बैठक कर केंद्र व प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध करने की रणनीति तैयार की गई। बैठक के बाद कार्यालय से जुलूस की शक्ल में निकले कार्यकर्ताओं ने सड़क पर प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को दिया। ज्ञापन में पेट्रोल, डीजल व घरेलू गैस की बढ़ी कीमतों को वापस लेने के साथ कीमतों को नियंत्रित रखने, छात्रवृत्ति योजना से शत प्रतिशत विद्यार्थियों को आच्छादित कराने की मांग की है। इस मौके पर एनएसयूआई के अध्यक्ष सौरभ मिश्र, अर्जुन मिश्र, कर्मवीर सिंह, विनोद मौर्य, अल्ताफ आलम समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।