अमेठी सिटी। जिले के परिषदीय विद्यालय के शिक्षकों व बच्चों की ऑनलाइन हाजिरी मामले में शिक्षक संघ व विभाग आमने-समाने है। लगातार तीसरे दिन बुधवार को शिक्षकों ने ऑनलाइन उपस्थित का बहिष्कार किया। शिक्षकों को मनाने में विभाग भी विफल रहा। शिक्षकों ने हाथ में काली पट्टी बांध विरोध किया।
बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षक कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर डीएम को ज्ञापन देंगे। शिक्षा विभाग ने परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों को ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। उपस्थिति पंजिका, प्रवेश पंजिका, कक्षावार छात्र उपस्थिति, मिड-डे मील आदि प्रेरणा पोर्टल के ''डिजिटल रजिस्टर्स'' पर अपलोड करना है।
बुधवार को भी जिले में यह विरोध जारी रहा। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि विद्यालयों में शिक्षक/शिक्षिकाओं से पंजिकाओं का डिजिटलाइजेशन व डिजिटल (डिजिटल फेस छायांकन) के विरोध व शिक्षकों की मूलभूत समस्याओं का निस्तारण करवाने के लिए बृहस्पतिवार को शिक्षण कार्य करने के बाद 3:30 बजे कलेक्ट्रेट पहुंच शिक्षक मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन देंगे।
बिना सेवा शर्तें पूरी किए ऑनलाइन उपस्थिति नाइंसाफीभादर (अमेठी)। ब्लाॅक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय दुर्गापुर में बुधवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लाक अध्यक्ष कृष्ण कुमार पाठक की अध्यक्षता में बैठक हुई। ब्लाॅक अध्यक्ष ने कहा कि ऑनलाइन उपस्थिति देने का शिक्षक विरोध नहीं कर रहे हैं। ऑनलाइन उपस्थिति से विभिन्न प्रकार की कठिनाइयां उत्पन्न होने की संभावना है। इसके निराकरण करने के लिए शिक्षक संघ अनुरोध करता चला आ रहा है। सरकार ध्यान नहीं दे रही है।
बिना सेवा शर्तों को पूरा किए ऑनलाइन उपस्थिति लागू करना नाइंसाफी है। इस मौके पर शरद पांडेय, विजय मिश्रा, दिलीप कुमार, सुनील वरनवाल, राजेंद्र कुमार, विजय शंकर सिंह आदि मौजूद थे।