अमेठी कस्बे में रेलवे क्रॉसिंग के पास प्रदर्शन करते स्थानीय लोग व राहगीर। -
अमेठी सिटी। अमेठी के ककवा रोड स्थित 102बी रेलवे क्रॉसिंग को बंद किए जाने की तैयारी से क्षेत्रीय लोगों में गहरा आक्रोश है। नाराज व्यापारियों व स्थानीय लोगों ने मंगलवार को क्रॉसिंग के पास धरना प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि क्रांसिंग बंद करने से पहले क्षेत्र के लोगों को आवागमन का विकल्प देने के साथ ही फुट ओवर ब्रिज बनवाने व सर्विस रोड का निर्माण भी कराया जाए।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि बीते तीन वर्षों से अफसर व जन प्रतिनिधि इस समस्या के समाधान का सिर्फ आश्वासन भर दे रहे हैं। अमेठी के ककवा रोड स्थित 102बी रेलवे क्रॉसिंग पर 21.87 करोड़ की लागत से 616.550 मीटर लंबा बहु प्रतीक्षित फ्लाई ओवर का निर्माण नामित संस्था सेतु निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा किया गया है। फ्लाई ओवर के दोनों ओर से अब तक सर्विस रोड का निर्माण नहीं हो सका है। इससे ककवा रोड के दोनों छोर पर स्थित स्थानीय लोगों के साथ ही राहगीरों को आवागमन के साथ ही विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
ऐसे में मंगलवार को व्यापारियों व स्थानीय लोगों को रेलवे क्रासिंग बंद होने की जानकारी मिली तो उनका आक्रोष भड़क उठा। उन्होंने प्रदर्शन करते हुए सर्विस रोड का निर्माण कराए जाने के साथ ही क्रॉसिंग बंद करने से पहले आवागमन के लिए वैकल्पिक मांग भी उपलब्ध कराए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई ।
लोग बोले, होगी परेशानी
क्षेत्रीय निवासी विजय अग्रवाल ने कहा कि जानकारी मिली है कि कि रेलवे फाटक बंद हो जाएगा। जबकि सर्विस रोड व फुट ओवरब्रिज अभी तक नहीं बना है। ऐसे में क्षेत्र में आवागमन के लिए कोई वैकल्पिक रास्ता नहीं होने से सभी को काफी परेशानी उठाना पड़ेगी। अजय कुमार पांडेय ने कहा कि इससे सभी का कारोबार बर्बाद हो जाएगा। राजेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि नगर पंचायत की दस हजार की आबादी व किठावर मार्ग की 50 हजार से अधिक की आबादी को फाटक बंद होने से परेशानी होगी। मोहम्मद शमीम ने कहा कि लगातार मांग के बाद भी चार वर्ष से सर्विस रोड नहीं बनी है।
अगले सप्ताह काम शुरू होने की उम्मीद
सेतु निगम के पीएम प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि निदेशालय से 60 लाख रुपये की मांग की गई है। बताया कि अगले सप्ताह फुटओवरब्रिज व सर्विस रोड़ निर्माण का कार्य शुरू होने की उम्मीद है। उन्होंने रेलवे क्रॉसिंग के बंद होने की जानकारी से इन्कार किया है।