गौरीगंज/बाजार शुकुल (अमेठी)। गलवां घाटी में चाइना की ओर से किए गए कायराना हमले में शहीद जवानों की शहादत के बाद शनिवार को आम आदमी पार्टी व सपा कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। आप कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में तो सपाईयों ने बाजार शुकुल के अंबेडकर तिराहे पर चीन के राष्ट्रपति का पुतला फूंकते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से चाइनीज सामानों के आयात को बंद करते हुए स्वदेशी सामान को बढ़ावा देने की मांग करते हुए लोगों से चाइनीज सामानों का प्रयोग नहीं करने की अपील की।
लद्दाख के गुलवां घाटी में चाइनीज सैनिकों की ओर से किए गए कायराना हमले में 20 सैनिकों के शहीद होने के बाद जिले के लोगों में भी इन दिनों चीन के खिलाफ आक्रोश बढ़ गया है। शनिवार को आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष शिव प्रसाद कश्यप की अगुवाई में कार्यकर्ता कार्यालय में बैठक कर चीन के हमले के निंदा करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का पुतला फूंककर विरोध जताया। उधर बाजार शुकुल के अंबेडकर तिराहे पर सपा विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष हनुमान बख्स पासी की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने चीन के राष्ट्रपति का पुतला फूंका।
पुतला फूंकने के बाद कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से चीन को मुंहतोड़ जवाब देने की अपील करते हुए भारत में चाइनीज सामानों के आयात को प्रतिबंधित करने तथा स्वदेशी सामानों के उत्पादन को प्रोत्साहित करने की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों से चीन में निर्मित सामानों का उपयोग नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि शहीदों के शहादत का बदला लेना है तो हमें चीन में निर्मित सामानों का बहिष्कार करना होगा। इस मौके पर गौरीगंज में आवेश हनफी, चंद्रप्रकाश, चंद्रजीत यादव, ठाकुर प्रसाद तो बाजार शुकुल में रामभवन पाल, रामगोपाल यादव, कयूम, राजकरन यादव व बरसाती समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।