अमेठी सिटी। जिला पंचायत की बैठक में 5.65 करोड़ के 23 विकास कार्यों का प्रस्ताव बोर्ड की बैठक में फेल हो गए हैं। यह प्रस्ताव सांसद स्मृति ईरानी, एमएलसी, आईजीआरएस पोर्टल, याचिका समिति व अन्य माध्यमों से दिए गए थे। जिला पंचायत का कहना है कि धनाभाव के चलते इसे पास नहीं किया जा सका है। ऐसे में आम जनता को करीब छह माह तक परेशानी झेलते हुए इंतजार करना होगा।
जिले के करीब नौ विकास खंडों में करीब 12 किमी लंबाई की सड़क, संपर्क मार्ग, सीसी रोड आदि के लिए प्रस्ताव दिए गए थे। इसका निर्माण जिला पंचायत के माध्यम से होना था। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी नरेंद्र बहादुर वर्मा ने बताया कि मंगलवार को हुई बैठक में इसे अस्वीकृत कर दिया गया है। जिससे निर्माण कार्य नहीं हो सकेगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने बताया कि जिला पंचायत में धनाभाव के चलते यह कार्य पास नहीं हो सके। बताया कि अभी मार्च माह तक धन आने की संभावना भी नहीं है, ऐसे में धन मिलने के बाद ही इसे शामिल किया जा सकता है।
सांसद के माध्यम से मिले यह कार्य हुए अस्वीकृत
विकासखंड जामो में ग्राम पंचायत लालपुर के मड़ारीशाह पिच रोड से लालपुर-मुराई टोला होते हुए रिछौरा माइनर पुल तक संपर्क मार्ग पर लेपन का कार्य।
जगदीशपुर में ग्राम जलालपुर तिवारी के विश्वकर्मा मंदिर से होते हुए रेलवे लाइन तक लेपन कार्य। संग्रामपुर के छाछा, सहजीपुर मार्ग से पूरे बक्शी पांडेय का पुरवा संपर्क मार्ग निर्माण, बनसती माता से बरातघर, सचिवालय तक निर्माण कार्य, छाछा सहजीपुर वनवीरपुर गांव तक संपर्क मार्ग, खौपुर बुजुर्ग मेन रोड से बनवासी टोला तक नाली निर्माण कार्य, ग्राम पंचायत सिजनी तिलोई में पूरे गुजरन से लोनर संपर्क मार्ग तक लेपन कार्य। संग्रामपुर में इंटरलॉकिंग के दो कार्य शामिल हैं।
भादर विकास खंड में ग्राम सोनारी में अग्रेसर वाया भैसहा ढेमा मार्ग के बीच, कारगिल शहीद राजीव शुक्ला के दरवाजे तक मार्ग निर्माण का कार्य एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ल का प्रस्ताव है। वहीं करीब ढाई करोड़ लागत के कार्य आनलाइन संदर्भ से प्राप्त हुए हैं।