अमेठी। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर स्थानीय पुलिस ने मंगलवार को अपराध से अर्जित धन से निर्मित संजय यादव के तीन मकानों को कुर्क कर दिया। इससे पूर्व नवंबर माह में संजय का एक मकान, बोलेरो जीप व बाइक जब्त की गई थी। पुलिस ने मकानों के सभी प्रवेश द्वार को सीलकर दिया।
क्षेत्र के गांव संभावा निवासी संजय यादव पर गौरीगंज थाने में दस आपराधिक मामले हैं। पुलिस ने पिछले दिनों संजय यादव का गांव के बीच स्थित एक मकान, बोलेरो जीप व बाइक को कुर्क किया था। पुलिस ने संजय द्वारा अपराध से एकत्र राशि से संभावा बाजार में बनाए गए तीन मकानों को कुुर्क करने गैंगेस्टर एक्ट की धारा 14 (1) के तहत जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय में अपील की थी। जिला मजिस्ट्रेट ने पांच फरवरी को कुर्की का आदेश पारित कर दिया। मंगलवार को एसएचओ गौरीगंज राजेश कुमार सिंह, एसओ जायस भरत उपाध्याय तथा एसओ मुंशीगंज रवींद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कुर्की की कार्रवाई करते हुए तीनों मकानों को सील कर दिया। एसएचओ ने बताया कि बाजार में स्थित करीब एक करोड़ की लागत से बने संजय के तीनों मकानों को कुर्क करते हुए सील कर दिया गया है।