अमेठी सिटी। शहर स्थित लोदी बाबा धाम पर वार्षिक आयोजन शुरू हो गया है। मंगलवार को मंदिर परिसर से गौरीगंज शहर में गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। झांकियों पर नाचते-गाते श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारे भी लगाए।
लोदी बाबा धाम पर रविवार को श्री रामचरितमानस पाठ व मंगलवार को हवन-पूजन संग नए साल को लेकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया था। हवन-पूजन के बाद बाबा के धाम से शोभायात्रा निकाली गई। रथ पर लोदी बाबा की प्रतिमा रखी गई। श्रद्धालु डीजे की धुन पर नाचते गाते चल रहे थे। राधा-कृष्ण, भगवान शिव के स्वरूप में नृत्य करते कलाकार भी चल रहे थे। शहरवासियों ने जगह-जगह लोदी बाबा को माथा नवाया।
मंदिर परिसर से शुरू हुई शोभायात्रा हनुमान तिराहा कोतवाली सब्जी मंडी होते हुए अमेठी रोड से वापस आकर मंदिर परिसर में समाप्त हुई। मंदिर के पुजारी राजेश बाबा ने बताया कि बृहस्पतिवार को परिसर में भंडारे का आयोजन होगा।