मुसाफिरखाना में ईद-मिलादुन्नबी पर्व पर जुलूस निकालते लोग। -संवाद
अमेठी सिटी। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद के जन्मदिन के अवसर पर शुक्रवार को ईद मिलादुन्नबी का पर्व पूरे जिले में अकीदत के साथ मनाया गया। सुबह से ही मस्जिदों में नमाज अदा कर अमन-चैन और सलामती की दुआएं मांगी गईं। गौरीगंज, अमेठी, जायस और मुसाफिरखाना सहित विभिन्न कस्बों व गांवों में दिनभर जश्न का माहौल रहा।
मुसाफिरखाना में शानो-शौकत से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में शिरकत की। हाथों में झंडे व बैनर लिए लोग नात-ए-पाक पढ़ते हुए नगर की गलियों से गुजरे। रास्ते भर शरबत, हलवा और मिठाई की सबीलें लगाकर स्वागत किया गया। इसौली रोड पर हुए जलसे में मौलाना नूरुल हसन नूरी, महमूद आलम और मौलाना मोहम्मद उमर ने सीरत-ए-पाक पर रोशनी डालते हुए इंसानियत, मोहब्बत और भाईचारे का संदेश दिया। इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष राम उदित यादव आदि मौजूद रहे।
मोहब्बत का पैगाम देता है पर्व
बाजारशुकुल। कस्बे में शुक्रवार को बारावफात का जुलूस नहर कोठी स्थित मस्जिद से प्रारंभ होकर कटरा तिराहे होते हुए पांडेगंज चौराहे तक पहुंचा। इसमें आसपास के गांवों के जुलूस शामिल होकर एकजुट हुए। कस्बे में ढोल-ताशों और नात-ए-रसूल की गूंज रही। यूनुस कुरैशी और अयाज चंदा ने कहा कि यह पर्व भाईचारे व मोहब्बत का पैगाम देता है। (संवाद)