गौरीगंज में आयोजित उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के वार्षिक अधिवेशन कार्यक्रम में मंचासीन अति
अमेठी सिटी। गौरीगंज में मंगलवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल का वार्षिक अधिवेशन हुआ। मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने आश्वासन दिया कि व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेकर शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा और समाधान कराया जाएगा। अधिवेशन का संचालन जिलाध्यक्ष महेश सोनी व प्रदेश मंत्री अमर चौरसिया ने किया।
अधिवेशन में व्यापारियों ने कहा कि बाजारों में पार्किंग के लिए जगह नहीं है, जिससे ग्राहक और दुकानदार परेशान हैं। कर संबंधी जटिलताओं ने कारोबार को और कठिन बना दिया है। वहीं चोरी-छिनैती जैसी घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस-प्रशासन की उदासीनता से कारोबारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने कहा कि संगठन की मजबूती से ही व्यापारी वर्ग की आवाज प्रभावी ढंग से सुनी जा सकती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले के व्यापारियों की समस्याओं का जल्द निस्तारण कराया जाएगा।
जिलाध्यक्ष महेश सोनी ने कहा कि संगठन हर परिस्थिति में छोटे से लेकर बड़े व्यापारियों के साथ खड़ा है। अधिवेशन में यह भी तय किया गया कि जिले के कई व्यापारियों को संगठन में नई जिम्मेदारियां दी जाएंगी ताकि कार्य और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ सके। इस मौके पर प्रतापगढ़ से नगर पंचायत गड़वारा के अध्यक्ष प्रतिनिधि सचिन सिंह शोलू, प्रदेश महामंत्री अनूप अग्रवाल, व्यापारी नेता मुकेश सिंह, राहुल लोहिया, पवन वैश्य, दीपक अग्रहरि सहित जिलेभर से पहुंचे करीब 500 व्यापारी शामिल हुए।