अमेठी सिटी। अवैध रूप से संचालित क्लीनिक व अस्पताल के संचालन पर रोक लगाए जाने को लेकर शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस के साथ छापा मारा। निरीक्षण के दौरान अस्पताल बंद मिले। एक कमरे मेें अस्पताल से संबंधित उपकरण मिलने पर विभाग की ओर से नोटिस जारी किया गया है।
सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह की ओर से जिले में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक व अस्पताल के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। नगर पंचायत अमेठी में बगैर लाइसेंस के दो निजी चिकित्सालयों के संचालित होने की शिकायत मिली। जिसपर शुक्रवार को सीएमओ की ओर से गठित टीम एसीएमओ डॉ. राम प्रसाद, डॉ. पीके उपाध्याय व अन्य पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
टीम ने पुलिस फोर्स की मौजूदगी में शटर खोलवा कर जांच की। मौके पर कोई मरीज नहीं मिला और न ही अस्पताल के संचालन की गतिविधि दिखी। वहीं, शहर के गंगागंज मोहल्ले में संचालित निजी अस्पताल पर टीम ने छापेमारी की तो वहां भी शटर बंद मिला। टीम ने मौके पर संचालक को फोनकर बुलाया और शटर खोलवा कर देखा तो अस्पताल संचालन संबंधी उपकरण व सामान मिले। टीम ने संचालक को नोटिस जारी किया है।
बंद मिले दो क्लीनिक
एसीएमओ डॉ. राम प्रसाद ने बताया कि अमेठी शहर में दो निजी क्लीनिक में छापा मारा गया। जिसमें एक अस्पताल का पूर्व में लाइसेंस निरस्त किया गया था, वहां पर कोई मरीज व उपकरण नहीं मिला। वहीं, दूसरे अस्पताल के लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं हुआ था। मौके पर सामान व उपकरण मिले। कहा कि अस्पताल संचालक को नोटिस जारी किया गया है।