जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों का इलाज करते चिकित्सक। -संवाद
अमेठी सिटी। जिला अस्पताल की ओपीडी में बृहस्पतिवार को बुखार से पीड़ित 619 मरीज इलाज कराने पहुंचे। दो मरीजों को वार्ड में भर्ती करना पड़ा। भर्ती मरीजों को बाहर से दवाएं लिखे जाने की बात सामने आई है।
इस समय बारिश व उमस भरी गर्मी के बीच सरकारी व निजी अस्पतालों में मरीजों की लंबी कतार दिख रही है। बृहस्पतिवार को गौरीगंज स्थित संयुक्त जिला अस्पताल में 1185 नए मरीजों ने पंजीकरण कराया। इसके अलावा करीब 400 से 500 पुराने मरीज रहे। फिजिशियन डॉ. अमित यादव बृहस्पतिवार को अवकाश पर रहे। इसके चलते फिजिशियन डॉ. शुभम पांडेय, डॉ. पीतांबर कनौजिया की ओपीडी में सबसे अधिक भीड़ रही।
अस्पताल के वार्ड में बुखार से पीड़ित राजेश कुमार, कीर्ति, सुधा, जगरानी और ध्रुवराज भर्ती मिले। जगरानी के परिजन रामपाल ने बताया कि 26 अगस्त से उन्हें भर्ती कराया है। बुखार संग सांस की समस्या है। कुछ दवाएं अंदर से मिल रही हैं तो कुछ बाहर से खरीदनी पड़ रही है। मरीज राजेश कुमार ने बताया कि बुखार आ रहा था। जांच कराई तो प्लेटलेट्स कम थीं। उन्होंने भी कुछ दवाएं अंदर से मिलने और कुछ दवाएं बाहर से खरीदने की बात कही। कीर्ति के परिजनों ने बताया कि प्लेटलेट्स की जांच हुई है, आज सुबह भर्ती कराया है। अभी अंदर से ही दवाएं मिल रही हैं।
सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सक और दवाएं मौजूद हैं। बाहर से दवाएं लिखने पर मनाही है। कहा कि मौसम के उतार-चढ़ाव से बुखार पीड़ितों की संख्या बढ़ रही है। लोगों को खानपान और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना चाहिए।