जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में कार्य करते कर्मी।
अमेठी सिटी। संयुक्त जिला अस्पताल में रोजाना बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए पैथोलॉजी, नेत्र और ऑर्थो विभाग में संसाधन विस्तार की पहल शुरू हो गई है। अस्पताल प्रशासन ने मशीनों और जरूरी उपकरणों की मांग शासन को भेज दी है। प्रस्ताव स्वीकृत होने पर जांच और उपचार दोनों में तेजी आएगी।
अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन एक हजार से अधिक मरीज पहुंचते हैं। पैथोलॉजी, एक्सरे और सीटी स्कैन कक्ष में भी लगभग 600 मरीज जांच कराते हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पैथोलॉजी विभाग में फुल ऑटोमेटिक बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर व सीटीजी मशीन लगाने की योजना बनाई गई है। इसके अलावा एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन, नेत्र ऑपरेटिंग माइक्रोस्कोप, ईएनटी माइक्रोस्कोप, ऑर्थोस्कोप व ऑर्थो ड्रिल मशीन जैसे उपकरण उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भेजा गया है।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि नई मशीनें लगने से जांच प्रक्रिया और अधिक सटीक व तेज होगी। ओटी में भी कई प्रक्रियाएं सुचारू रूप से हो सकेंगी। मरीजों को समय पर जांच और उपचार मिलेगा, जिससे भीड़ का दबाव कम होगा और सुविधाएं बेहतर होंगी। उम्मीद जताई जा रही है कि प्रस्तावित उपकरण जल्द मिलेंगे और विभागों का काम व्यवस्थित ढंग से चल सकेगा।
मशीनों की मांग भेजी गई
सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि नेत्र, पैथोलॉजी और ऑर्थोपेडिक सहित कई विभागों में संसाधन बढ़ाने का कार्य जारी है। शासन को मांग भेज दी गई है। नई मशीनें उपलब्ध होने पर जांच और ऑपरेशन दोनों में मरीजों को राहत मिलेगी।