फुरसतगंज के सरायमहेशा उपकेंद्र पर गर्भवती की जांच करती एएनएम पूजा। स्रोत: स्वयं
अमेठी सिटी। गर्भवतियों संग उनके तीमारदार सरायमहेशा उपकेंद्र पर तैनात एएनएम पूजा पटेल पर आंख मूंदकर भरोसा करते हैं। यहां प्रसव केंद्र बनने के बाद लोग सीएचसी व पीएचसी जाने के बजाय एएनएम से प्रसव कराना ज्यादा सुरक्षित व मुनासिब समझते हैं। उनके विश्वास की ही परिणति है कि एएनएम 10 माह में 104 सुरक्षित प्रसव करा चुकी हैं।
रायबरेली जिले की अलीपुर आइमा निवासी एएनएम पूजा पटेल ने वर्ष 2017 में इस उपकेंद्र पर बतौर संविदा ड्यूटी जॉइन की थी। तब से वह गर्भवती सहित अन्य मरीजों की सेवा कर रही हैं। वर्ष 2023 में नियमित होने के बाद वह इसी केंद्र पर कार्य कर रही हैं। वर्ष 2024 में इस उपकेंद्र को प्रसव केंद्र बनाया गया। लोगों के विश्वास और भरोसे को कायम रखते हुए पूजा पटेल ने अक्तूबर 2024 से जुलाई 2025 तक सबसे अधिक प्रसव कराकर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया है।
गांव संग 18 पुरवों की जिम्मेदारी
पूजा गांव में भ्रमण के दौरान गर्भवतियों की जांच करने संग अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों को भी दवा देती हैं। जरूरतमंद मरीजों को अपने पैसे से भी दवा और सुविधा मुहैया कराने का प्रयास करती हैं। इस केंद्र पर तैनाती के बाद से उन्होंने अपने कार्य व्यवहार से लोगों का दिल जीता है। इस केंद्र पर सरायमहेशा ग्राम पंचायत के 18 पुरवों संग महोना, तेंदुआ, दौलतपुर सिघरिया आदि गावों की गर्भवती प्रसव के लिए आती हैं।