जामो (अमेठी)। स्थानीय थाने के शिवपुर मजरे घाटमपुर गांव में बच्चों के विवाद में बीच-बचाव करने पहुंची एक गर्भवती महिला की पिटाई कर दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।
गांव में शनिवार को खेलने के दौरान बच्चों में मारपीट हो गई। सूचना पर बच्चों का बीच-बचाव करने पहुंची गर्भवती महिला की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। चीख-पुकार सुनकर लोगों ने बीच-बचाव करते हुए घायल गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक देख परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती करवाया।
उपचार के बाद गर्भवती महिला की सास लीलावती ने थाने पहुंचकर गांव के बबलू व सोनू पर बच्चों के विवाद में पिटाई करने का आरोप लगा तहरीर दी। गर्भवती महिला की पिटाई का एक वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। एसएचओ विनोद सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की की जा रही है।