गौरीगंज के बरनाटीकर में भगवान विश्वकर्मा की पूजा करते एसडीओ व अन्य कर्मी। स्रोत: ऊर्जा निगम
अमेठी सिटी। भगवान विश्वकर्मा की जयंती पर बृहस्पतिवार को जिले की औद्योगिक इकाइयों, कारखानों, प्रतिष्ठानों और कार्यस्थलों पर कार्यक्रम हुए। लोगों ने भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान मशीनों और उपकरणों की पूजा कर सुख-समृद्धि और कार्य में सफलता की कामना की गई।
जिले के आठ राजकीय और 14 निजी आईटीआई में विश्वकर्मा पूजन कार्यक्रम हुआ। राजकीय आईटीआई गौरीगंज में नोडल प्रधानाचार्य शिवाकांत द्विवेदी, अमेठी के प्रधानाचार्य एमपी सिंह और प्रधानाचार्य अजय सिंह समेत शिक्षकों व प्रशिक्षुओं ने भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया। इस दौरान संस्थानों में कुशल कार्य का संकल्प लिया गया।
बिजली उपकेंद्र बरनाटीकर में एसडीओ विश्वजीत कुमार के नेतृत्व में भगवान विश्वकर्मा का पूजन हुआ। इस दौरान अवर अभियंता ऋषि गुप्ता, हिमांशु आदि मौजूद रहे। वहीं अमेठी में भगवान विश्वकर्मा की झांकी निकली गई।
मशीनों को साफ कर फूल-माला से सजाया
जगदीशपुर। औद्योगिक इकाइयों में सुबह कर्मचारियों ने मशीनों और उपकरणों को साफ कर फूल-माला से सजाया। इसके बाद पूजन कर प्रसाद वितरित किया गया। संजय गांधी पॉलीटेक्निक प्रधानाचार्य रामरतन, मीनू द्विवेदी, तनू कौशल आदि मौजूद रहे। बीएचईएल एफएसआईपी इकाई महाप्रबंधक सुनील कुमार सोमानी ने इकाई की प्रगति, समृद्धि, कार्यस्थल की सुरक्षा और कर्मचारियों के सुख-कल्याण की कामना की।
पूजन कर बांटा प्रसाद
सिंहपुर/मुंशीगंज। सेमरौता उपकेंद्र परिसर में भगवान विश्वकर्मा का पूजन और आरती हुई। एक्सईएन राकेश रोशन ने कर्मचारियों व अधिकारियों के साथ हवन कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति की कामना की। इस दौरान जेई एस के यादव, दिनेश आदि मौजूद रहे। मुंशीगंज के चंदौकी गांव में विश्वकर्मा पूजा पर विश्वकर्मा चरित्र पाठ हुआ। अरविंद विश्वकर्मा ने श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया।