अमेठी सिटी। कोविड काल में बंद हुई प्रतापगढ़-लखनऊ मेमू पैसेंजर का संचालन अब नए साल में दोबारा शुरू हो सकता है। रेलवे की ओर से दोहरीकरण और विद्युतीकरण का काम पूरा हो चुका है। इसके बाद ट्रेन संचालन को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। संबंधित प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया है, जिस पर स्वीकृति मिलने के बाद समय-सारिणी जारी की जाएगी।
यह मेमू पैसेंजर प्रतापगढ़ से लखनऊ तक लगभग चार घंटे 55 मिनट में यात्रा पूरी करती थी। मार्ग में कई छोटे और मध्यम स्टेशनों पर ठहराव होने से यह ट्रेन दैनिक यात्रियों के लिए उपयोगी रही है। कम किराये के चलते छात्र, नौकरीपेशा लोग और छोटे व्यापारी नियमित रूप से इसी ट्रेन से सफर करते थे।
ट्रेन बंद होने के बाद यात्रियों को बसों और अन्य ट्रेनों पर निर्भर रहना पड़ा, जिससे खर्च और यात्रा समय बढ़ गया। मेमू के फिर से शुरू होने पर अमेठी जिले के अमेठी, गौरीगंज, बनी, जायस, तालाखजुरी सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सुविधा मिलेगी।