फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: लोकल टूर्नामेंट से लेकर बड़े मैदान तक प्रशांत वीर का जलवा

Wed, 17 Dec 2025 12:51 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
दोस्तों व ग्रामीणों के साथ जश्न मनाते माता-पिता। -संवाद
विज्ञापन
अमेठी। क्रिकेटर प्रशांत वीर का खेल सफर छोटे लोकल टूर्नामेंट से शुरू हुआ। सीमित संसाधन और साधारण मैदान उनकी राह में बाधा नहीं बने। शुरुआती मुकाबलों में ही उनकी प्रतिभा स्पष्ट नजर आने लगी थी। स्थानीय प्रतियोगिताओं में बल्लेबाजी करते समय दर्शकों की निगाहें उन्हीं पर टिक जाती थीं। शॉट चयन, संतुलन और संयम ने उन्हें जल्दी पहचान दिलाई।
विज्ञापन



साथ खेलने वाले खिलाड़ी अभिनव उपाध्याय, राहुल दुबे समेत अन्य बताते हैं कि प्रशांत वीर की बल्लेबाजी में तकनीक और ताकत का बेहतर मेल दिखता था। तेज गेंदबाज हों या स्पिन आक्रमण, वह हर स्थिति में धैर्य बनाए रखते थे। कई अवसरों पर अनुभवी गेंदबाज भी उनके सामने सहज नजर नहीं आते थे। इसी कारण लोकल टूर्नामेंट में उनके मुकाबलों को देखने दर्शकों की संख्या अधिक रहती थी।


प्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, वाराणसी, रायबरेली, लखनऊ और अयोध्या में आयोजित प्रतियोगिताओं में उन्होंने लगातार रन बनाए। हर मैदान पर अनुशासन और आत्मविश्वास उनकी पहचान बना। इन्हीं प्रदर्शनों ने बड़ी टीमों का ध्यान उनकी ओर खींचा और उन्हें टीमों में शामिल करने की पहल शुरू हुई। साथी खिलाड़ियों का कहना है कि प्रशांत वीर ने यह मुकाम मेहनत और समर्पण से हासिल किया। नियमित अभ्यास, फिटनेस पर ध्यान और खेल की समझ ने उन्हें आगे बढ़ाया।
विज्ञापन






बोली शुरू होते ही टिकीं निगाहें, गांव में जश्न
प्रशांत वीर की मिनी नीलामी को लेकर मंगलवार सुबह से ही गूजीपुर गांव में उत्साह का माहौल रहा। नीलामी शुरू होते ही परिजन टीवी और लैपटॉप पर लगातार अपडेट देखते रहे। सभी की निगाहें बोली पर टिकी थीं। अनुमान एक से पांच करोड़ रुपये तक का था, लेकिन जब चेन्नई सुपर किंग्स ने 14.20 करोड़ रुपये की बोली लगाई तो घर में खुशी फैल गई। सूचना मिलते ही गांव में जश्न शुरू हो गया। लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और मिठाइयां बांटीं। पिता रामेंद्र तिवारी और माता अंजना खुशी से भावुक नजर आए। उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।


छोटा भाई भी क्रिकेट की राह पर
प्रशांत वीर ने छोटे भाई आर्य वीर भी क्रिकेट की राह पर आगे बढ़ रहे हैं और वर्तमान समय में कानपुर स्थित कमला क्लब में प्रशिक्षण ले रहे हैं। आर्य वीर ने बताया कि प्रशांत वीर बचपन से उनके आदर्श रहे हैं। मेहनत और अनुशासन ने उन्हें प्रेरित किया है। बड़ी बहन निकिता तिवारी का विवाह हो चुका है और वह भी भाई की उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रही हैं।





आईपीएल में बनाई अपनी पहचान
गूजीपुर निवासी क्रिकेटर प्रशांत वीर तिवारी ने आईपीएल 2026 में चयन पाकर जिले को नई पहचान दी है। प्रारंभिक शिक्षा संग्रामपुर स्थित भारद्वाज एकेडमी और केपीएस स्कूल में हुई। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में कोच गालिब अंसारी के मार्गदर्शन में उन्होंने अभ्यास शुरू किया। बाद में चयन स्पोर्ट्स हॉस्टल मैनपुरी में हुआ, जहां कक्षा नौ और 10 की पढ़ाई पूरी की। इंटर सहारनपुर से किया। वह स्कूल फेडरेशन ऑफ इंडिया की अंडर-19 टीम में भी खेल चुके हैं। पिछले तीन वर्षों से वह यूपी टी-20 लीग में नोएडा किंग्स टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब भी उनके नाम रहा। प्रशांत वीर के चयन पर सोशल मीडिया पर बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें