मुसाफिरखाना (अमेठी)। स्थानीय राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बृहस्पतिवार को छह दिवसीय छात्र उन्मुखीकरण कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कार्यक्रम के पहले दिन भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में सर्वोच्च स्थान हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बृहस्पतिवार को गायत्री तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में महाविद्यालय की बीए तृतीय वर्ष की छात्रा प्राची मिश्रा को प्रथम स्थान, सोनिका मिश्रा को द्वितीय स्थान एवं निहारिका मौर्य को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। प्रतिभाशाली छात्राओं को गायत्री परिवार की तरफ से पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। गायत्री परिवार के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर वेद प्रकाश श्रीवास्तव, गायत्री परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय की गृह विज्ञान विभाग की प्राध्यापिका अनीता मिश्रा ने किया। कार्यक्रम में प्राध्यापक डॉ. वर्षा रानी, डॉ. गौरव त्रिपाठी, डॉ. नीतू मौर्य, डॉ. रेखा श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहीं।